
मोहेंजो दारो देखनीय फ़िल्म है। इसकी शुरुआत के सीन जबलपुर के पास भेड़ाघाट में फिल्माये गये हैं, जिनमे ऋतिक को नदी में बड़े से मगरमच्छ का शिकार करते दिखाया गया है। भेड़ाघाट पर्दे पर आते ही जबलपुरी दर्शक झूम उठते हैं। सिंधु घाटी की यह असली लोकेशन अब पाकिस्तान में है।
वैसे तो इसे पीरियड फ़िल्म कहा जाता है, पर इसमें प्रेम कहानी और राजनैतिक सन्देश भी हैं। अगर आप इस फ़िल्म को वर्तमान राजनीति के सन्दर्भ में देखेंगे, तो इसमें राजा और प्रधान सेवक, बड़े बांधों के पीछे छुपे स्वार्थ, राजनीतिक भ्रष्टाचार, भाई - भतीजावाद, विकास के बदले हथियार, जनता पर लादे जा रहे टैक्स की सचाई, पिसते मज़दूर - किसान, विकास की पहली ईंट लगानेवालों की उपेक्षा, विराट सभा (संसद) में दादागीरी जैसे मुद्दे नज़र आएंगे।

आशुतोष गोवारिकर, ऋतिक रोशन, ए आर रहमान, जावेद अख्तर, नीता लुल्ला जैसे अलग - अलग फन के फनकारों ने भेले (एकत्र) होकर बनाई है मोहेन्जो दारो. तीन साल इसकी स्क्रिप्ट और स्कीन प्ले लिखने में लग गए। आशुतोष गोवारिकर ने उस इलाके की यात्रा की। ऋतिक ने ब्रिटेन जाकर युद्ध कौशल का प्रशिक्षण लिया। पैसे की कोई चिंता थी नहीं, इसलिए एक रुपये की जगह बत्तीस आने खर्च किये गये। फ़िल्म में सपना की जगह सपिना, राक्षस की जगह राकस, लाख की जगह लख कहा जाता है।

फ़िल्म में गाने अच्छे फिल्माये गए हैं। रहमान ने संगीत के साथ गाना भी गाया है। ऋतिक रोशन के साथ तेलुगू अभिनेत्री पूजा हेगड़े हैं। पूरी फ़िल्म ऋतिक पर केंद्रित है, पूजा शो पीस हैं और कबीर बेदी मुख्य खलनायक। महाभारत के कृष्ण नीतीश भारद्वाज ऋतिक के दबे कुचले चाचा हैं।

आशुतोष पिछली दो नाकाम फिल्मों ( व्हॉट्स योर राशि और खेले हम जी जान से) की चोट खाये हुए थे। उनका एवरेस्ट सीरियल भी चला नहीं। लगान और जोधा अकबर की सफलता को कब तक भुनाते। ऋतिक भी तकलीफ़ में हैं बीवी से तलाक, कंगना रनौत से कोर्ट कचहरी और अक्षय कुमार की रुस्तम पड़ोस के ऑडीटोरियम में। बेचारा। इसलिए इस फ़िल्म में उसने अनाथ नौजवान प्रेमी सरमन का रोल ठीक से किया है।

फ़िल्म ज़रा ज्यादा ही अड़चनों के बाद लग सकी है। कभी किसी ने कहानी चुराने का आरोप लगाया, कोर्ट कचहरी करना पड़ी।कभी भुज में बनाये सेट में आग लगी, कभी ऋतिक जख्मी, कभी ऋतिक, कभी मुख्य सिनेमाटोग्राफर बदलना पड़ा। मोहेंजो दारो अब पाकिस्तान में है, इसलिए भुज में सेट लगाया गया, दक्षिण अफ्रीका में भी शूटिंग हुई। लोकेशन सुन्दर है।