
कॉमेडी फिल्में थ्री डी तकनीक में कम ही बनती हैं। वेलकम टू न्यू यॉर्क थ्री डी में बनी ऐसी कॉमेडी फिल्म है जिसमें फूहड़ता, छिछोरे और बहुअर्थी संवाद नहीं हैं। यह एक ऐसी फ़िल्म है जो साफ-सुथरी है, आप परिवार के साथ इसे देख सकते हैं और मजा ले सकते हैं।

इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवार्ड (आइफा) हर साल दिए जाते हैं। फिल्मवालों से जुड़े लोगों का यह भी एक धंधा है। एक रंगारंग शो विदेश में होता है, जहाँ फ़िल्मी दुनिया के लोग मोती फीस लेकर विदेश में पिकनिक करते हैं और टूंगते हुए भारतीय फिल्मप्रेमी उसके गॉसिप सुनते-पढ़ते हैं। न्यूयॉर्क में होने वाले आईफा अवार्ड शो के बैकग्राउंड में यह पूरी फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है। फिल्म का परिदृश्य ऐसा है कि एक से बढ़कर एक मनोरंजक और दिलचस्प किस्से सामने आते हैं.
हीरो एक पंजाबी गेला है और हीरोइन एक गुजराती। फिल्म में मोदी जी की जय भी है और कुछ दिन तो गुजरो गुजरात में भी। पंजाबी और गुजराती दोनों ही कम्युनिटी के लोग अमेरिका में बड़ी संख्या में हैं और बॉलीवुड में भी। जब हैरी मेट सेजल में भी हीरो पंजाबी, हीरोइन गुजराती थे। फिल्मकार ने अपनी चतुराई से इन 2 वर्ग के लोगों को चुना है और वे जिस तरह की कहानी आगे बढ़ाते हैं, वह हंसा हंसा कर लोटपोट कर देने के लिए काफी है।

फिल्मी परिदृश्य में बनाई गई इस पूरी कहानी में फिल्म कलाकारों, निर्माता, निर्देशकों के मजे लिए गए हैं। सबसे ज्यादा मजे लिए गए हैं करण जौहर और उनकी फिल्मों और टीवी शो के। उन्होंने खुशी-खुशी इस फिल्म में डबल रोल किया। फिल्म में कलाकारों की भारी भीड़ है। कलाकार थोड़े समय के लिए आते हैं और दर्शकों का मनोरंजन करके चले जाते हैं। दिलजीत दोसांझ ने बढ़िया काम किया है। सोनाक्षी सिन्हा ने भी अलग तरह की भूमिका निभाई है। रितेश देशमुख,लारा दत्ता, आदित्य राय कपूर, बोमन ईरानी, सुशांत सिंह राजपूत आदि आदि कलाकार भी इस फिल्म में हैं। सलमान भी अतिथि कलाकार के रूप में आये और दबंग 3 का प्रचार करके चले जाते हैं।
दिलचस्प तरीके की कॉमेडी है, साफ-सुथरी फिल्म है, परिवार के साथ देख सकते हैं। पैसे वसूल हो जाएंगे।
23 Feb 2018.